
कांकसा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध खनन और परिवहन के पूरे नेटवर्क की जांच शुरू
दुर्गापुर । दुर्गापुर के कांकसा थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने शनिवार को विदबिहार निवासी अजय हाड़ी को गिरफ्तार किया। आरोप है कि वह लंबे समय से अजय नदी से अवैध रूप से बालू निकालने और उसके परिवहन के कारोबार से जुड़ा हुआ था। रविवार को पुलिस ने आरोपी को दुर्गापुर महकमा न्यायालय में पेश किया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अजय हाड़ी लंबे समय से अजय नदी के विभिन्न घाटों से अवैध रूप से बालू निकालने के कार्य में संलिप्त था। आरोप है कि विदबिहार, बनकाटी तथा आसपास के अन्य क्षेत्रों से ट्रैक्टर और डंपरों के माध्यम से बालू की ढुलाई कर विभिन्न स्थानों तक पहुंचाई जाती थी। इसके अलावा कई स्थानों पर अवैध रूप से बालू का भंडारण किए जाने के भी आरोप सामने आए हैं। गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में इस पूरे मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि लंबे समय से इस प्रकार का अवैध कारोबार संचालित हो रहा था, तो अब तक इसके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई। इसको लेकर विभिन्न स्तरों पर सवाल उठाए जा रहे हैं। विपक्षी दलों ने भी मामले को लेकर प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि राजनीतिक संरक्षण के कारण अवैध बालू का कारोबार लंबे समय तक निर्बाध रूप से चलता रहा। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर इसमें शामिल सभी लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वही कांकसा थाना पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि अवैध बालू कारोबार के इस नेटवर्क में अजय हाड़ी के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही अवैध खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
