कोलकाता । पश्चिम बंगाल में मेगा शहीद दिवस रैली में संबोधन करते हुए तृणमूल सुप्रीमो और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र पर बंगाल सरकार को गिराने की कोशिश का आरोप लगाया है। राज्य भर से कोलकाता के धर्मतल्ला में बारिश के बावजूद जुटे हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ममता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सभी राज्य सरकारों को गिराने का प्रयास कर रही है। महाराष्ट्र के बाद अब पश्चिम बंगाल की सरकार को भी गिराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव में भाजपा को केंद्र की सत्ता से जनता गिरा देगी।
——
अग्निपथ योजना पर सवाल
– इसके अलावा उन्होंने भारतीय सेना में नौकरी के लिए नवघोषित अग्निपथ योजना पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा नीत केंद्र सरकार ने अपने शासन के दौरान लाखों नौकरियां खत्म की है। अब आर्मी में भर्ती के लिए नई योजना आई है “अग्निपथ”। मैं कहती हूं कि आर्मी का कोई विकल्प नहीं होता। आर्मी तो आर्मी होती है। उसके बदले दूसरा विकल्प क्यों ढूंढा जा रहा है।
ममता ने कहा कि लोग हमारी सरकार की भर्ती प्रक्रिया में खामियां ढूंढते हैं लेकिन रेलवे और केंद्र सरकार के अन्य विभागों में हो रही भर्तियों के बारे में कुछ नहीं कहते।
डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती कीमतों को लेकर भी ममता ने सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि आज भारत के इतिहास में रुपये की कीमत सबसे निचले स्तर पर है। उन्होंने कहा कि केंद्र ने पूरे देश में डर और भय का माहौल बना दिया है। पिछड़े वर्ग के लोग मारे पीटे जा रहे हैं। अल्पसंख्यकों की कोई सुरक्षा नहीं है। गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की कविता “मन मस्तिष्क जहां निर्भय हो गर्व से मस्तक ऊंचा हो ऐसा देश हो मेरा” का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार की वजह से देश की जनता के मन में डर का माहौल है। जो भी विरोध करता है उसे जेल में डाल दिया जाता है। उन्होंने बंगाल के पसंदीदा भुना हुआ मूढ़ी पर जीएसटी लगाने का जिक्र करते हुए कहा कि अब यहां मूढ़ी पर भी जीएसटी लगा दिया गया है। मिठाई, लस्सी, दही पर भी जीएसटी लगी है। लोग क्या खाएंगे? मरीज के अस्पताल में भर्ती होने पर भी जीएसटी। उन्होंने केंद्र पर तीखा हमला करते हुए पूछा कि अब क्या मरने पर भी जीएसटी लगेगी।
