आसनसोल के कुल्टी मे नर्समुदा कोलियरी से इस्को रोड तक पेवर्ड ब्लॉक सड़क का मंत्री अग्निमित्रा पाल ने किया उद्घाटन

आसनसोल। पश्चिम बर्दवान जिले के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नर्समुदा कोलियरी से इस्को रोड तक निर्मित पेवर्ड ब्लॉक सड़क का शुक्रवार शाम राज्य की शहरी विकास एवं नगरपालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने विधिवत उद्घाटन किया। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद से निर्मित इस सड़क के लोकार्पण के अवसर पर ईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि इस सड़क की मांग क्षेत्र के लोग लंबे समय से कर रहे थे, लेकिन पूर्ववर्ती सरकार ने इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की। उन्होंने कहा कि ईसीएल के सीएसआर फंड के सहयोग से यह सड़क बनकर तैयार हुई है, जिससे न केवल कोयला परिवहन सुगम होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार जनता की बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और जहां भी आवश्यकता होगी, वहां आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य भी करती है।

फुटपाथ अतिक्रमण पर सख्त रुख

मंत्री ने शहरों में बढ़ते फुटपाथ अतिक्रमण पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फुटपाथ पर अवैध रूप से दुकान लगाने वालों को पहले 15 दिनों का समय दिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें अतिरिक्त 15 दिनों की मोहलत भी दी जाएगी, लेकिन इसके बाद भी यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो राज्य सरकार कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी।
उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय भी स्पष्ट कर चुका है कि फुटपाथ पर सुरक्षित रूप से चलना प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है और राज्य सरकार इस अधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर होगी सख्ती

अग्निमित्रा पाल ने जानकारी दी कि आगामी सोमवार को विधानसभा में एक महत्वपूर्ण विधेयक प्रस्तुत किया जाएगा। इस प्रस्तावित कानून के तहत सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यदि किसी व्यक्ति या संस्था की गतिविधियों से सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचती है तो उससे नुकसान की भरपाई भी कराई जाएगी।

*जन शिकायत’ कार्यक्रम से मिलेगी त्वरित राहत

मंत्री ने बताया कि शनिवार से कोलकाता नगर निगम क्षेत्र में ‘जन शिकायत’ नामक विशेष कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है। इस व्यवस्था के तहत नागरिक सीधे संबंधित विभाग को अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत के निस्तारण के बाद संबंधित व्यक्ति को मोबाइल संदेश के माध्यम से कार्रवाई की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को सफल होने के बाद पूरे राज्य के नगर निकायों में भी लागू किया जाएगा, जिससे शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।

दामोदर नदी पर पुल और नगर निकायों के पुनर्गठन पर भी बोले मंत्री

मंत्री ने दामोदर नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण को लेकर कहा कि यदि किसी परियोजना का उल्लेख प्रारंभिक बजट में नहीं है, तो इसका अर्थ यह नहीं कि वह परियोजना नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं इस विषय पर मुख्यमंत्री से चर्चा की है और भविष्य में इस दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी। आसनसोल नगर निगम के पुनर्गठन संबंधी प्रश्न पर उन्होंने कहा कि रानीगंज, कुल्टी और जामुड़िया को अलग-अलग नगरपालिकाओं के रूप में गठित करने का प्रस्ताव संबंधित क्षेत्र के विधायकों द्वारा सरकार के समक्ष रखा गया है। राज्य सरकार इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रही है। नर्समुदा कोलियरी से इस्को रोड तक बनी नई पेवर्ड ब्लॉक सड़क के शुरू होने से क्षेत्र में कोयला परिवहन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। साथ ही स्थानीय लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *