जीटी रोड पर भीषण सड़क दुर्घटना, युवा डिलीवरी कर्मी की मौत, एक की हालत गंभीर

आसनसोल। शहर के जीटी रोड स्थित कुमारपुर ब्रिज के निकट मनोज सिनेमा हॉल के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवा डिलीवरी कर्मी की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान कुणाल उर्फ सुमन कुमार सिंह (22) के रूप में हुई है। वहीं घायल आदित्य साव (23) का उपचार आसनसोल जिला अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक हीरापुर थाना क्षेत्र के बर्नपुर स्थित ध्रुबडांगा के निवासी थे और एक प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय ई-कॉमर्स कंपनी में डिलीवरी एजेंट के रूप में कार्यरत थे। शनिवार सुबह ड्यूटी के दौरान उनकी बाइक एक पिकअप वैन की चपेट में आ गई, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया। सूचना मिलते ही मृतक एवं घायल युवक के परिजन तथा स्थानीय निवासी घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग को लेकर जीटी रोड पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वैन में तोड़फोड़ भी की, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया और प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराया। पुलिस की कार्रवाई के बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों युवक मेहनतकश परिवारों से आते थे और एक नामी ई-कॉमर्स कंपनी में कार्यरत थे। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *