अब नहीं चलेगी गंदगी, स्वच्छता नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : अग्निमित्रा पॉल

सिटी सेंटर बस स्टैंड में झाड़ू लगाकर मंत्री ने दिया स्वच्छता का संदेश, जल्द शुरू होगी नागरिक शिकायत हेल्पलाइन

दुर्गापुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने मंगलवार को दुर्गापुर में सख्त संदेश देते हुए कहा कि अब सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क, बस स्टैंड, बाजार या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने अथवा थूकने वाले लोगों के खिलाफ जुर्माना लगाने की व्यवस्था लागू की जाएगी।
सिटी सेंटर बस स्टैंड में आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान में मंत्री स्वयं शामिल हुईं और झाड़ू लगाकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने शहर को साफ-सुथरा रखने में प्रशासन का सहयोग करें और स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझें।


अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि दुर्गापुर को एक आदर्श और स्वच्छ शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जल्द ही एक विशेष हेल्पलाइन सेवा शुरू की जाएगी। इस हेल्पलाइन के माध्यम से लोग सफाई, जल निकासी, सड़क, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न नागरिक समस्याओं और शिकायतों की जानकारी सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।
मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से दुर्गापुर को स्वच्छता और बेहतर नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में एक नई पहचान मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *