रानीगंज मे जनकल्याण शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़, केंद्र और राज्य की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हुआ पंजीकरण

रानीगंज। आम जनता तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से रानीगंज स्थित रॉबिन सेन स्टेडियम में एक विशाल जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए पंजीकरण कराने तथा योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने हेतु बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदान की और पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की। शिविर में स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, खाद्य, कल्याण एवं अन्य विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रही। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं तथा उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी। इस अवसर पर रानीगंज के विधायक पार्थ घोष मुख्य रूप से उपस्थित थे। उन्होंने शिविर का निरीक्षण किया तथा विभिन्न काउंटरों पर जाकर लाभार्थियों से बातचीत भी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पार्थ घोष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विभिन्न राज्यों में लंबे समय से अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का सफलतापूर्वक लाभ लोगों तक पहुंच रहा था, लेकिन पश्चिम बंगाल के अनेक नागरिक इन सुविधाओं से पूर्ण रूप से लाभान्वित नहीं हो पा रहे थे। अब राज्य में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद इन योजनाओं को प्रभावी ढंग से आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में पात्र व्यक्ति भी सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं। इसी उद्देश्य से इस प्रकार के जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहां एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर लोगों का पंजीकरण कर रहे हैं और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को सरल बना रहे हैं। विधायक ने बताया कि शिविर में अन्नपूर्णा भंडार, आयुष्मान भारत सहित केंद्र और राज्य सरकार की अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए पंजीकरण किया गया। साथ ही लोगों को इन योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी गई।आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए पार्थ घोष ने कहा कि यह योजना आम लोगों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आयुष्मान कार्ड बनने के बाद जरूरतमंद परिवारों को उपचार संबंधी सुविधाएं प्राप्त करने में काफी सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि केवल लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बन जाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि क्षेत्र के निजी नर्सिंग होम और स्वास्थ्य संस्थानों को भी इस योजना से जुड़ना होगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका वास्तविक लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के सभी निजी नर्सिंग होम संचालकों से आयुष्मान भारत योजना के साथ जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी तथा उन्हें उपचार के लिए आर्थिक बोझ का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन किया और अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याण शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *