विश्व नंबर-1 बनीं मीनाक्षी हुड्डा, सफलता का श्रेय दिया सुभाष अग्रवाला के सहयोग को

कोलकाता।। भारतीय मुक्केबाज़ी के लिए गर्व और गौरव का क्षण तब आया जब महिला 48 किलोग्राम वर्ग की स्टार बॉक्सर मीनाक्षी हुड्डा ने विश्व मुक्केबाज़ी महासंघ की नवीनतम रैंकिंग में एक बार फिर विश्व नंबर-1 का मुकाम हासिल कर लिया। एशियाई मुक्केबाज़ी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद मीनाक्षी ने दुनिया की सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज़ के रूप में अपनी बादशाहत कायम रखी है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद भावुक मीनाक्षी ने अपनी सफलता का श्रेय केवल अपनी मेहनत को नहीं, बल्कि उन लोगों को भी दिया जिन्होंने उनके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विशेष रूप से मैथन एलॉयज़ लिमिटेड के सीएमडी सुभाष अग्रवाला के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अटूट विश्वास, सहयोग और मार्गदर्शन ने उन्हें हर चुनौती से लड़ने की ताकत दी।
मीनाक्षी ने कहा, “विश्व नंबर-1 बनने का यह सफर संघर्षों, चुनौतियों और कठिन परिश्रम से भरा रहा है। ऐसे समय में सुभाष अग्रवाला जी ने हमेशा मुझ पर भरोसा जताया और मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सिर्फ प्रायोजक की भूमिका नहीं निभाई, बल्कि एक अभिभावक की तरह मेरा हौसला बढ़ाया। उनके सहयोग ने मुझे बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस दिया।”
उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे ऐसे लोगों का योगदान अमूल्य होता है, जो प्रतिभा को पहचानते हैं और उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करते हैं। विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करना उनके लिए गर्व का विषय है और इस उपलब्धि में सुभाष अग्रवाला का योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
मीनाक्षी ने अपने कोच, परिवार, शुभचिंतकों और देशवासियों के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के प्यार, आशीर्वाद और समर्थन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी वह देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाने का प्रयास करती रहेंगी।
मीनाक्षी हुड्डा ने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ मेरी नहीं, उन सभी लोगों की है जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया। मैं आगे भी भारत का तिरंगा विश्व मंच पर बुलंद करने के लिए पूरी ताकत से संघर्ष करती रहूंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *