भाजपा नेता की गिरफ्तारी की मांग को लेकर महिलाओं का थाने पर प्रदर्शन, पुलिस वाहन रोककर जताया आक्रोश

अंडाल।अंडाल थाना अंतर्गत काजोड़ा मोड़ इलाके में कुछ दिन पूर्व दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और विवाद की घटना को लेकर मंगलवार को अंडाल थाना परिसर के बाहर उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं प्रदर्शन करने पहुंच गईं।प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए मामले में नामजद भाजपा नेता समेत अन्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। जानकारी के अनुसार, काजोरा मोड़ में हुई मारपीट और विवाद की घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से अंडाल थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने एक पक्ष के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया था, हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया। वहीं दूसरे पक्ष के विरुद्ध भी शिकायत दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों में असंतोष व्याप्त है। इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को क्षेत्र की महिलाएं थाने के सामने पहुंचीं और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सोमवार रात पुलिस ने उनके पक्ष से जुड़े कुछ लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे पक्ष के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक पहचान के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने थाने के समक्ष नारेबाजी की और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई। इस बीच कुछ महिलाएं पुलिस के एक वाहन के सामने खड़ी हो गईं, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हुआ और थाना परिसर के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने संयम बनाए रखा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी शिकायतों को सुना। अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों और शिकायतों के आधार पर कानून के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
वही पुलिस प्रशासन की ओर से कहा गया है कि काजोरा मोड़ की घटना की जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है और स्थानीय लोगों की नजर अब पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *