
मैथन। डीवीसी द्वारा संचालित डीवीसी +2 उच्च विद्यालय (राइट बैंक), मैथन में इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय के उद्घाटन एवं प्रवेश पाठ्यक्रम प्रारंभ होने के साथ ही क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। यह पहल न केवल मैथन एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण विज्ञान शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि समाज के समग्र विकास और भविष्य की पीढ़ियों के सशक्त निर्माण का भी आधार बनेगी। अभिषेक झा, जिला शिक्षा अधिकारी, धनबाद व कंचन महतो, मुखिया, आमकुड़ा को पुष्प गुच्छ व मेमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और मंचासीन अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। स्कूली छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत की गई। इसके उपरांत इंटरमीडिएट पाठ्यक्रम हेतु कक्षाओं का मुख्य अतिथि तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया। अभिषेक झा, जिला शिक्षा अधिकारी, धनबाद ने कहा :”डीवीसी द्वारा विज्ञान संकाय की स्थापना शिक्षा के क्षेत्र में एक अनुकरणीय पहल है। आज के समय में विज्ञान शिक्षा विद्यार्थियों को नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी प्रगति से जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इस संकाय के प्रारंभ होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी और उन्हें बेहतर करियर अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। डीवीसी ने सदैव सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में अग्रणी भूमिका निभाई है तथा यह पहल भी उसी प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।” श्री झा ने यह भी आश्वासन दिया कि झारखंड सरकार के द्वारा संचालित स्कूलों में प्रावधानित सभी सुविधाएँ इस स्कूल को मुहैया कराने हेतु उपायुक्त से स्वयं पहल करेंगे ताकि शिक्षा के क्षेत्र में एक नई क्रांति दिलाने में मील का पत्थर साबित हो सके।
कंचन महतो, मुखिया, आमकुड़ा ने कहा कि डीवीसी द्वारा डीवीसी +2 उच्च विद्यालय (राइट बैंक) में इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय की शुरुआत अत्यंत सराहनीय और दूरदर्शी पहल है। इससे मैथन तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों को अपने घर के निकट गुणवत्तापूर्ण विज्ञान शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। शिक्षा ही समाज के विकास का सबसे मजबूत माध्यम है और डीवीसी निरंतर शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देकर क्षेत्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। यह पहल निश्चित रूप से क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगी।” सुखमय नायक, उप महाप्रबंधक (प्रशासन) ने कहा कि पूरे मैथन में किसी भी विद्यालय में केवल बीएसके कॉलेज में था जो झारखंड सरकार द्वारा सभी कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई को इस सत्र से समाप्त कर दिया गया। इसको ध्यान में रखते हुए मैथन के बहुत संख्यक छात्र-छात्राओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उप महाप्रबंधक(प्रशासन) ने डीवीसी प्रबंधन से कई चरणों पर वार्तालाप किए। इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय शुरूआत करने हेतु न केवल डीवीसी प्रबंधन बल्कि झारखण्ड सरकार के शिक्षा विभाग से विभिन्न स्तरों पर प्रयास कर इस सपने को साकार रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाया। उप महाप्रबंधक(प्रशासन) ने इस बात पर भी बल दिया भविष्य में शिक्षा को और बेहतर बनाने हेतु बहुत सी योजनाओं को डीवीसी +2 उच्च विद्यालय (राइट बैंक) में लागू करने हेतु प्रयासरत है जो स्कूल के बेहतर और मैथन वासियों के लिए लाभदायक होगा। इस अवसर पर आनंद मोहन प्रसाद, मुख्य महाप्रबंधक(कोल समन्वय), प्रवीर चांद, वरिष्ठ महाप्रबंधक(असैनिक), डॉ. उमेश कुमार, वरिष्ठ महाप्रबंधक(स्वास्थ्य सेवाएँ), सुखमय नायक, उप महाप्रबंधक(प्रशासन), डॉ. कौशलेंद्र कुमार, प्रबंधक(सीएसआर), श्रीमती पिंकी, प्रबंधक(मा.सं.), तापस रॉय, उप प्रबंधक(मा.सं.), शंकर कुमार झा, कार्यपालक(प्रशासन), रवि कुमार सिन्हा, कार्यपाल(राजभाषा), रामलखन यादव, प्राचार्य, डीवीसी +2 उच्च विद्यालय (राइट बैंक), संजय कुमार संगम, प्राचार्य, डीवीसी मध्य विद्यालय एवं बड़ी संख्या में डीवीसी के अधिकारी व कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिका, छात्र-छात्राएँ, व विद्यालय स्टाफ उपस्थित थे।
कार्यक्रम का सफल संचालन रवि कुमार सिन्हा, कार्यपालक (राजभाषा) तथा धन्यवाद ज्ञापन रामलखन यादव, प्राचार्य, डीवीसी +2 उच्च विद्यालय (राइट बैंक) ने दिया।
