
जामुड़िया। जामुड़िया क्षेत्र में इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही विभिन्न पोस्टों को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में व्यापक चर्चा का माहौल बना हुआ है। इन पोस्टों में जामुड़िया के एक पूर्व विधायक के पुत्र प्रेमपाल सिंह तथा आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या-एक के पार्षद मृदुल चक्रवर्ती के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सोशल मीडिया पर इन आरोपों को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग तेज होती जा रही है।वायरल पोस्टों में दावा किया गया है कि प्रेमपाल सिंह कथित रूप से लंबे समय से रेलवे साइडिंग, सिंडिकेट संचालन, औद्योगिक प्रतिष्ठानों से जबरन वसूली तथा अन्य अवैध गतिविधियों से जुड़ा रहा है। कुछ पोस्टों में यह भी आरोप लगाया गया है कि उसके करीबी और रिश्तेदारों का नाम कथित कोयला तस्करी तथा अवैध खनन गतिविधियों से भी जोड़ा जाता रहा है। हालांकि इन आरोपों की अब तक किसी सक्षम जांच एजेंसी द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सोशल मीडिया पर सक्रिय कई लोगों ने इन आरोपों को गंभीर बताते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि आरोपों में सच्चाई है तो यह जानना आवश्यक है कि इतने लंबे समय तक कथित तौर पर ऐसी गतिविधियां किसके संरक्षण में संचालित होती रहीं और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।इसी प्रकार वार्ड संख्या-एक के पार्षद मृदुल चक्रवर्ती को लेकर भी सोशल मीडिया पर कई तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। वायरल पोस्टों में दावा किया गया है कि वह कथित रूप से बालू खनन से जुड़े लोगों से वसूली करने तथा विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी कार्यों में कट मनी लेने जैसी गतिविधियों में संलिप्त रहा है। कुछ पोस्टों में यह भी आरोप लगाया गया है कि वह अपने राजनीतिक प्रभाव और पद का उपयोग कर लोगों पर दबाव बनाने का काम करता था। हालांकि इन आरोपों के समर्थन में अब तक कोई आधिकारिक दस्तावेज या जांच रिपोर्ट सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच क्षेत्र के लोगों का एक वर्ग यह सवाल भी उठा रहा है कि यदि आरोप सही हैं तो संबंधित एजेंसियों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की। कई लोगों ने मांग की है कि पुलिस, प्रशासन और अन्य जांच एजेंसियां पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाएं तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे आरोपों का हवाला देते हुए प्रेमपाल सिंह और पार्षद मृदुल चक्रवर्ती के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि कानून की नजर में सभी नागरिक समान हैं और यदि किसी व्यक्ति के विरुद्ध गंभीर आरोप सामने आते हैं तो पुलिस एवं प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए।संतोष सिंह ने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण के कारण कई मामलों में कार्रवाई प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र जांच शुरू करने की मांग की।उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही इन पोस्टों और आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। संबंधित पक्षों की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में पूरे मामले की सत्यता जांच एजेंसियों की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
