ईसीएल के केंदा कोलियरी मे एनसीडब्ल्यू-12 शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर बीएमएस की गेट मीटिंग, मजदूर हितों की रक्षा का संकल्प

जामुड़िया। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) से संबद्ध खान श्रमिक कांग्रेस की ओर से ईसीएल के केंदा क्षेत्र स्थित लोअर केंदा कोलियरी पीट के समीप सोमवार को एक गेट मीटिंग का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौता (एनसीडब्ल्यू)-12 को शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर चलाए जा रहे जनजागरण अभियान के तहत आयोजित किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में श्रमिकों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया तथा मजदूरों के अधिकारों और हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय खान मजदूर कांग्रेस के उपाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने कहा कि कोल इंडिया के अंतर्गत कार्यरत लाखों श्रमिकों के वेतन, भत्तों एवं अन्य सुविधाओं से जुड़ा राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौता-12 जल्द लागू होना चाहिए। इसके लिए भारतीय मजदूर संघ देशभर के कोयला क्षेत्रों में जनजागरण अभियान चला रहा है और विभिन्न परियोजनाओं एवं खदानों में गेट मीटिंग आयोजित कर श्रमिकों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एनसीडब्ल्यू-11 की अवधि 30 जून 2026 को समाप्त हो रही है, ऐसे में समय रहते नए वेतन समझौते की प्रक्रिया शुरू करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भारतीय मजदूर संघ ने अप्रैल 2026 में ही कोल इंडिया प्रबंधन को पत्र लिखकर इस विषय पर सचेत किया था और मांग की थी कि कोयला मंत्रालय के साथ समन्वय स्थापित कर एनसीडब्ल्यू-12 को शीघ्र लागू करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं। नागेंद्र सिंह ने कहा कि आगामी दिनों में कोल इंडिया प्रबंधन तथा केंद्र सरकार द्वारा ऐसे कई निर्णय लिए जाने की संभावना है, जिनका प्रभाव श्रमिकों के हितों पर पड़ सकता है। ऐसे समय में श्रमिक संगठनों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय मजदूर संघ हमेशा उन नीतियों और निर्णयों के साथ खड़ा रहेगा जो श्रमिकों के हित में होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि मजदूरों के अधिकारों को सीमित करने, उनका शोषण करने अथवा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में निजीकरण को बढ़ावा देने वाली नीतियां लागू करने का प्रयास किया जाता है, तो भारतीय मजदूर संघ चुप नहीं बैठेगा। संगठन श्रमिक हितों की रक्षा के लिए सरकार और कोल इंडिया प्रबंधन के साथ संवाद करेगा तथा बेहतर विकल्प तलाशने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि बीएमएस संघर्ष और संवाद दोनों के माध्यम से श्रमिकों के हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। गेट मीटिंग के दौरान श्रमिकों को राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौता-12 की आवश्यकता, इसके संभावित लाभों तथा संगठन की भावी रणनीति के संबंध में भी जानकारी दी गई। वक्ताओं ने श्रमिकों से एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर खान श्रमिक कांग्रेस के महासचिव मृत्युंजय सिंह, संयुक्त महासचिव धनंजय पांडे, ईसीएल केंदा एरिया सचिव शिवचंद हरिजन, ईसीएल काजोड़ा एरिया अध्यक्ष अवधेश बनिया, लोअर केंदा कोलियरी सचिव अनिल यादव, अध्यक्ष पवित्र मुखर्जी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे। बैठक के अंत में श्रमिकों के हितों की रक्षा, एनसीडब्ल्यू-12 को शीघ्र लागू कराने तथा कोयला उद्योग में कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक आंदोलन और जनसंपर्क अभियान जारी रखने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *