बंगाल सरकार मे मंत्री बनने के बाद पहली बार रानीगंज पहुंचे डॉ. अजय कुमार पोद्दार, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

रानीगंज। राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने के बाद पहली बार अपने क्षेत्र लौट रहे कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार का रानीगंज में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया। गुरुवार की शाम रानीगंज के पंजाबी मोड़ क्षेत्र में आयोजित स्वागत समारोह राजनीतिक उत्साह और जनसमर्थन का केंद्र बन गया, जहां बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता नए मंत्री की एक झलक पाने के लिए घंटों से इंतजार कर रहे थे। जैसे ही डॉ. अजय कुमार पोद्दार का काफिला रानीगंज के पंजाबी मोड़ पहुंचा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, पुष्पवर्षा और जोरदार नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। पूरा क्षेत्र भाजपा के झंडों और स्वागत बैनरों से सजा हुआ दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और पूरे वातावरण में विजय एवं उत्सव का माहौल व्याप्त था। रानीगंज शहर भाजपा मंडल के अध्यक्ष समसेर सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस स्वागत कार्यक्रम में इलाके कई प्रमुख भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस मौके पर रानीगंज के विधायक पार्थ घोष, सभापति सिंह, मनोज ओझा, अभिक मंडल, मोनु वर्मा सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने नव-नियुक्त मंत्री को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद व्यक्त की। इस अवसर पर अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण, त्याग और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा की आज की सफलता वर्षों की कठिन मेहनत और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अथक संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया, आज की उपलब्धि वास्तव में उन्हीं को समर्पित है।डॉ. पोद्दार ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा को मजबूत बनाने के लिए हजारों कार्यकर्ताओं ने लंबे समय तक संघर्ष किया है। उन्हीं की निष्ठा, परिश्रम और जनता के विश्वास के बल पर पार्टी आज राज्य की राजनीति में एक मजबूत शक्ति के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के सहयोग और कार्यकर्ताओं के समर्पण से राज्य सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्री पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी है और वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे। राज्य के सर्वांगीण विकास तथा आम लोगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए कार्य करना ही उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा। कार्यक्रम के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर नए मंत्री के समर्थन में जोरदार नारे लगाए और उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन के दौरान उत्सव जैसा माहौल बना रहा तथा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *