पांडवेश्वर में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोप मे पड़ोसी गिरफ्तार

पांडवेश्वर। पश्चिम बर्धमान जिले के पांडवेश्वर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक 55 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग को धमकाकर लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप देवाशी (55) के रूप में हुई है, जो पांडबेश्वर थाना क्षेत्र के महाल गांव का निवासी है तथा स्थानीय स्तर पर किराना दुकान का व्यवसाय करता है। आरोपी पीड़िता का पड़ोसी बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कथित घटना इसी वर्ष अप्रैल माह की बताई जा रही है। आरोप है कि नाबालिग जब किसी आवश्यक वस्तु की खरीदारी के लिए आरोपी की दुकान पर गई थी, तभी उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने घटना का वीडियो बना लिया था और बाद में उसी वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल करता रहा। बताया जा रहा है कि भय और सामाजिक बदनामी की आशंका के कारण पीड़िता लंबे समय तक चुप रही। हालांकि लगातार बढ़ते दबाव और प्रताड़ना के बीच उसने साहस जुटाकर पूरी घटना अपने परिवार के सदस्यों को बताई। इसके बाद परिजनों ने बिना देर किए पांडबेश्वर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर बुधवार देर रात आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है तथा पीड़िता के बयान को कानूनी प्रक्रिया के तहत दर्ज किया गया है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के प्रकाश में आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने आरोपी के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे पीड़िता की पहचान गोपनीय रखें और अफवाहों से बचें, ताकि जांच प्रक्रिया प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *