
हर 100 मीटर पर डस्टबिन, ‘स्वच्छ ऐप’ से होगी निगरानी; तीन माह बाद गंदगी फैलाने और अवैध पार्किंग पर होगी सख्त कार्रवाई
आसनसोल। स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर के निर्माण की दिशा में आसनसोल ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ा दिया है। राज्य के नगर एवं शहरी विकास विभाग की पहल पर गुरुवार को आसनसोल सर्किट हाउस में शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बहुप्रतीक्षित “एड माई बिन” अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस नई पहल का उद्देश्य शहर में स्वच्छता संस्कृति को बढ़ावा देना और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने की प्रवृत्ति को रोकना है। योजना के तहत बाजार, शिक्षण संस्थान, बस स्टैंड, व्यावसायिक क्षेत्र और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बड़े पैमाने पर डस्टबिन लगाए जाएंगे, ताकि नागरिक आसानी से कचरे का उचित निपटान कर सकें।
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान उसकी स्वच्छता और अनुशासन से होती है। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान में भागीदार बनने का आह्वान करते हुए कहा कि जनसहभागिता के बिना स्वच्छता का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने विश्वास जताया कि आसनसोल इस पहल के जरिए राज्य के सबसे स्वच्छ और व्यवस्थित शहरों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए “स्वच्छ ऐप” की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि यदि किसी स्थान पर कचरा जमा दिखाई देता है तो नागरिक उसकी तस्वीर ऐप पर अपलोड कर सकेंगे। शिकायत मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंचकर सफाई करेगी और सफाई पूरी होने के बाद उसकी तस्वीर भी ऐप पर अपलोड की जाएगी। इससे शिकायतों के त्वरित समाधान और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगले तीन महीनों तक लोगों को जागरूक किया जाएगा, लेकिन इसके बाद सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
“एड माई बिन” परियोजना के तहत एक निजी संस्था शहर के विभिन्न हिस्सों में आधुनिक डस्टबिन स्थापित करेगी। इनकी नियमित सफाई, रखरखाव और निगरानी की जिम्मेदारी भी उसी संस्था की होगी। इसके अलावा पान और गुटखा की पीक के लिए विशेष पीक-बिन लगाए जाएंगे तथा रात्रि के समय डस्टबिन आसानी से दिखाई दें, इसके लिए प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी। योजना के अनुसार लगभग प्रत्येक 100 मीटर पर डस्टबिन उपलब्ध होंगे।
मंत्री ने शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अवैध पार्किंग के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कई स्थानों से अवैध पार्किंग हटाई जा चुकी है और अधिकृत पार्किंग क्षेत्रों को सफेद रंग से चिह्नित किया जाएगा। तीन महीने बाद निर्धारित स्थानों के अलावा कहीं भी वाहन खड़ा करने वालों पर आर्थिक दंड लगाया जाएगा।
राज्य सरकार की इस पहल से न केवल शहर की साफ-सफाई व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि नागरिकों में जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना भी विकसित होगी। प्रशासन को उम्मीद है कि जनसहयोग के बल पर आसनसोल जल्द ही स्वच्छता और सुव्यवस्था का नया उदाहरण बनेगा।
