जनआशीर्वाद यात्रा में बदला स्वागत, कैबिनेट मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार के अभिनंदन में उमड़ा जनसैलाब

दुर्गापुर/कुल्टी। पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल किए जाने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र लौट रहे कुल्टी के लोकप्रिय विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार का गुरुवार को अभूतपूर्व और ऐतिहासिक स्वागत हुआ। कोलकाता से पश्चिम बर्दवान तक का पूरा मार्ग मानो उत्सव में तब्दील हो गया। जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम लोगों ने फूलों की वर्षा, माल्यार्पण, आतिशबाजी और जोरदार नारों के साथ उनका अभिनंदन किया।
दुर्गापुर पहुंचते ही माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो उठा। सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लिए अपने नेता के स्वागत के लिए घंटों से इंतजार कर रहे थे। जैसे ही डॉ. पोद्दार का काफिला पहुंचा, जयघोषों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। पुष्पगुच्छ, मालाएं, अंगवस्त्र और ढोल-नगाड़ों के बीच उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
अपने दौरे के दौरान डॉ. पोद्दार दुर्गापुर स्थित श्री श्याम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने श्याम बाबा के श्रीचरणों में नमन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में भी श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर दुर्गापुर के भाजपा विधायक लक्ष्मण चंद्र घुरई ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और मंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं।
कैबिनेट मंत्री बनने के बाद डॉ. पोद्दार के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब यह स्पष्ट संकेत दे रहा था कि क्षेत्र की जनता उनसे विकास और जनसेवा की नई उम्मीदें लगाए बैठी है। कुल्टी विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे पश्चिम बर्दवान जिले में उनके मंत्री बनने को लेकर उत्साह और गर्व का वातावरण देखा जा रहा है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि कुल्टी की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं और उन सभी लोगों का है जिन्होंने उन पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि मंत्री पद उनके लिए कोई विशेषाधिकार नहीं, बल्कि जनता की सेवा का एक बड़ा दायित्व है। वे क्षेत्र के विकास, रोजगार, बुनियादी सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।
दुर्गापुर से कुल्टी तक जगह-जगह हुए स्वागत कार्यक्रमों ने यह साबित कर दिया कि डॉ. पोद्दार का जनाधार लगातार मजबूत हुआ है। समर्थकों के उत्साह, कार्यकर्ताओं के जोश और आम लोगों की भारी भागीदारी ने इस स्वागत को एक यादगार जनोत्सव का रूप दे दिया। पूरे क्षेत्र में एक ही चर्चा रही—”कुल्टी का बेटा अब प्रदेश के विकास की नई जिम्मेदारी संभालेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *