बंगाल में दुनिया का सबसे बड़ा दही उत्पादन संयंत्र स्थापित करेगा अमूल

पश्चिम बर्दवान, 02 जून देश के प्रमुख डेयरी ब्रांड अमूल ने पश्चिम बंगाल में 600 करोड़ रुपये के निवेश से दुनिया का सबसे बड़ा दही उत्पादन संयंत्र स्थापित करने की घोषणा की है। यह अत्याधुनिक डेयरी परियोजना हावड़ा जिले के संकरेल फूड पार्क में स्थापित की जाएगी। संयंत्र में प्रतिदिन 10 लाख किलोग्राम दही, लस्सी और छाछ का उत्पादन किया जाएगा।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अमूल ब्रांड के निर्माण से जुड़ा कायर डिस्टिक कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर यूनिय दो चरणों में विकसित करेगा। परियोजना की घोषणा बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट 2025 के दौरान की गई थी। अमूल के प्रबंध निदेशक जयेन मेहता ने बताया कि यह केवल दही उत्पादन इकाई नहीं होगी, बल्कि एक एकीकृत डेयरी परिसर के रूप में विकसित की जाएगी।
संयंत्र में प्रतिदिन 15 लाख लीटर दूध प्रसंस्करण की क्षमता होगी। यहां दही के अलावा आइसक्रीम, पनीर, घी, फ्लेवर्ड मिल्क और यूएचटी दूध का भी उत्पादन किया जाएगा। इससे राज्य के डेयरी और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है।
अमूल पहले से ही पश्चिम बंगाल में ताजा दूध के सबसे बड़े ब्रांडों में शामिल है और प्रतिदिन 10 लाख लीटर से अधिक दूध की बिक्री करता है। कंपनी ने राज्य के 14 जिलों में दूध संग्रहण नेटवर्क स्थापित किया है, जिससे 1.2 लाख से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक जुड़ी हुई हैं।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल का डेयरी बाजार वर्ष 2024 में लगभग 89 हजार करोड़ रुपये का था और वर्ष 2033 तक इसमें 12 प्रतिशत से अधिक वृद्धि की संभावना है। अमूल का मानना है कि बंगाल में टोक दोई (खट्टा दही) और मिष्टी दोई (मीठा दही) की बढ़ती मांग को देखते हुए इस क्षेत्र में विस्तार की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
इस परियोजना से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही राज्य के डेयरी ढांचे को मजबूती मिलने के अलावा किसानों और दुग्ध उत्पादकों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। वर्तमान में अमूल प्रतिदिन 3.1 करोड़ लीटर दूध का प्रसंस्करण करता है और उसकी वार्षिक क्षमता 5 करोड़ लीटर प्रतिदिन तक पहुंच चुकी है। करीब 50 देशों में अपने उत्पादों का निर्यात करने वाला अमूल आज देश के सबसे मूल्यवान दुग्ध उत्पादक ब्रांडों में शुमार है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *