
बहुप्रतीक्षित पौराणिक एक्शन-एडवेंचर फिल्म ‘नागबंधम’ की रिलीज में अब सिर्फ 30 दिन शेष रह गए हैं। इस मौके पर मेकर्स ने फिल्म का एक नया काउंटडाउन पोस्टर जारी किया है, जिसने दर्शकों के बीच उत्साह को और बढ़ा दिया है। पोस्टर में फिल्म की रहस्यमयी और पौराणिक दुनिया की झलक दिखाई गई है, जहां प्राचीन रहस्य, दिव्य शक्तियां, रोमांच और नियति एक-दूसरे से जुड़ते नजर आते हैं। फिल्म 3 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अभिषेक नामा के निर्देशन में बनी ‘नागबंधम” भारतीय पौराणिक विरासत और आधुनिक सिनेमाई प्रस्तुति का अनोखा मेल है। फिल्म में वीराट कर्णा मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि ऋषभ साहनी, नभा नतेश, ईश्वार्या मेनन, महेश मांजरेकर और जगपति बाबू भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। मेकर्स के अनुसार, फिल्म की कहानी छिपे हुए रहस्यों, भूली-बिसरी किंवदंतियों और ऐसी अलौकिक शक्तियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो नियति को बदलने की क्षमता रखती हैं।
एनआईके स्टूडियोज और अभिषेक पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण किशोर अन्नापुरेड्डी और निशिता नागिरेड्डी ने किया है, जबकि लक्ष्मी इरा और देवांश नामा इसके प्रस्तुतकर्ता हैं। हिंदी संस्करण के वितरण की जिम्मेदारी ज़ी स्टूडियोज के पास है। मेकर्स का दावा है कि ‘नागबंधम’ भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और पौराणिक कथाओं को आधुनिक तकनीक और भव्य विजुअल्स के साथ बड़े पर्दे पर पेश करेगी, जिससे यह देश के साथ-साथ वैश्विक दर्शकों को भी आकर्षित कर सकेगी।
