महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी पहल, आसनसोल में मुफ्त बस सेवा का शुभारंभ

आसनसोल। महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को और अधिक मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल के तहत 1 जून से सरकारी बसों में महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा सेवा की शुरुआत कर दी गई। इस योजना के शुभारंभ के साथ ही राज्यभर में महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। शिल्पांचल आसनसोल में भी इस ऐतिहासिक योजना का भव्य शुभारंभ आसनसोल बस स्टैंड से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शासक (डीएम) एस. पोन्नाबालम, आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, विधायक अरिजीत राय तथा अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला यात्रियों, स्थानीय नागरिकों तथा सरकारी अधिकारियों की उपस्थिति देखने को मिली। इस मौके पर विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के कल्याण, सुरक्षा और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार जनहितैषी योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम है। इससे महिलाओं को न केवल आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि उनकी स्वतंत्र आवाजाही भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल महिलाओं को इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित पहचान-पत्र प्रस्तुत करना होगा। भविष्य में इस व्यवस्था को और अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष स्मार्ट कार्ड जारी करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। इस कार्ड के माध्यम से महिलाएं बिना किसी अतिरिक्त प्रक्रिया के आसानी से सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। विधायक ने कहा कि यह योजना केवल यात्रा सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के दैनिक जीवन में होने वाले परिवहन खर्च को कम कर उन्हें आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनाने का कार्य करेगी। विशेष रूप से छात्राओं, कामकाजी महिलाओं, स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं तथा ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को इस योजना से प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।योजना के पहले ही दिन आसनसोल डिपो से संचालित विभिन्न सरकारी बसों में महिला यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं ने राज्य सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी और जनहितकारी कदम बताया। कई महिला यात्रियों ने कहा कि रोजाना यात्रा पर होने वाला खर्च बचने से घरेलू बजट पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। वही राज्य सरकार का दावा है कि महिला कल्याण और सामाजिक विकास के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी ऐसी अनेक योजनाएं लागू की जाएंगी, जिससे महिलाओं को अधिक अवसर, सुरक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा की शुरुआत को राज्य में सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *