
भँवरलाल मल्लावत सेवा केन्द्र में सुजोक, आयुर्वेदिक एक्यूप्रेशर प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न
कोलकाता , 28 मई। सेवा भारती के अन्तर्गत निशुल्क चिकित्सा सेवा कार्य में जुटे भँवरलाल मल्लावत सेवा केन्द्र द्वारा पाँच दिवसीय सुजोक एवं आयुर्वेदिक एक्यूप्रेशर प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न हुआ। भागीरथ सारस्वत ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि संस्था कार्यालय 42, काली कृष्ण टैगोर स्ट्रीट (मालापाड़ा मोड़) में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर के दौरान कुशल चिकित्सकों द्वारा शिक्षार्थियों को सुजोक एवं एक्यूप्रेशर विधि के माध्यम से विभिन्न रोगों का निदान कैसे किया जाए इसका प्रशिक्षण दिया गया।
संस्था के मंत्री विजय हरभजनका ने प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें सेवा के माध्यम से इस विधा का लाभ पीड़ितों को देने का आग्रह किया। साथ ही रोगियों के साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए ये भी बताया। श्रद्धेय भंवर लाल जी मल्लावत के प्रेरणादायी व्यक्तित्व को नमन करते हुए उन्होने कहा कि भंवरलाल जी की फोटो के नीचे लगी गद्दी पर बैठने मात्र से प्रेरणा मिलती है तथा मस्तिष्क में उपचार के नए नए तरीके आने लगते हैं। इस अवसर पर डॉ• प्रदीप अग्रवाल, डॉ• सुनीता राठी एवं डॉ. रश्मि काजरिया ने भी अपने विचार रखे। संयोजक अरुण प्रकाश मल्लावत ने कुशल संचालन किया तथा धन्यवाद ज्ञापन किया डॉ• सुरेश गुप्ता ने।
सर्व श्री अरूण मल्लावत, संजय रस्तोगी, अनिल मलावत एवं उर्मिला ध्यावाला ने शिक्षार्थियों को सर्टिफिकेट प्रदान किया। इस अवसर पर शिक्षार्थी सीमा सावनसुखा, रुचिका करनानी, अनीता अग्रवाल एवं रीमा जयसवाल ने अपने – अपने अनुभव साझा किये। राजू जोशी एवं सुनीता राठी सक्रिय रहे।
ध्यातव्य हो कि संघ के आनुषंगिक संगठन सेवा भारती के अन्तर्गत चलने वाले इस केंद्र में योग्य चिकित्सकों द्वारा रोगियों की निःशुल्क सेवा का कार्य विगत पच्चीस वर्षों से अनवरत किया जा रहा है। सेवा के पर्याय कर्मयोगी भंवर लाल मल्लावत के अल्पायु में स्वर्गवास के उपरांत उनकी पावन स्मृति में ईस्वी सन 2000 में अक्षय तृतीया को संस्था प्रारम्भ हुई। संस्था द्वारा संचालित सेवा केन्द्र में सू-जोक, क्युप्रेशर एवं एक्यूपंक्चर पद्धति द्वारा रोगियों का निःशुल्क इलाज लगातार किया जा रहा है।
