
बहादुरपुर बीडीओ कार्यालय में अधिकारियों संग की महत्वपूर्ण बैठक, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि एवं पंचायत व्यवस्था को मजबूत बनाने पर हुआ मंथन
जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। विधायक बनने के बाद से ही वह विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को डॉ. बिजन मुखर्जी बहादुरपुर क्षेत्र के बीडीओ कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने, किसानों की आय बढ़ाने हेतु कृषि व्यवस्था को लाभकारी बनाने, प्रशासनिक कार्यप्रणाली को मजबूत करने तथा पंचायत स्तर पर मूलभूत सुविधाओं में सुधार लाने जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इसके साथ ही शिक्षा व्यवस्था के स्तर को बेहतर बनाने तथा ब्लॉक के सर्वांगीण विकास को गति देने को लेकर भी अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचे, यही सभी का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रशासन को और अधिक तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। विधायक ने कहा कि बैठक में उन सभी बिंदुओं पर गंभीरता से चर्चा की गई, जिनके माध्यम से आम जनता तक सरकारी सेवाओं को त्वरित एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जहां कहीं भी लोगों को किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, वहां तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। डॉ. मुखर्जी ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर वह क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे। विधायक ने आगे कहा कि जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वर्ग के लोगों के विकास और कल्याण के लिए वह पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा आम लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।
