कोलकाता । राष्ट्रपति पद के लिए मतदान करने के बाद राज्य विधानसभा में मीडिया से मुखातिब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने एक बार फिर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई को यह भी नहीं पता कि बंगाल में उनके विधायकों की संख्या कितनी है। राष्ट्रपति चुनाव से एक दिन पहले पार्टी के विधायकों को पांच सितारा होटल में ठहराने को लेकर एक बार फिर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में तो हमारे भी विधायक हैं लेकिन उन्हें कभी किसी होटल में कैद नहीं रखना पड़ा। भाजपा ने दूसरी पार्टियों के विधायकों को होटल में रखकर सरकार गिराने का जो पाप किया है उसी का फल बंगाल में भोगना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के विधायक कहीं विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के समर्थन में वोटिंग ना करें इसलिए उन्हें होटल में कैद रखा गया था। अभिषेक ने कहा, “आज भाजपा को तृणमूल से इतना डर है कि अपने विधायकों को होटल में बंधक बनाकर रखते हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि भाजपा को पता है तो उनके साथ जनता नहीं है। तृणमूल कांग्रेस के 10 से 12 विधायक भाजपा शासित राज्यों में हैं लेकिन हमने कभी उन्हें होटल में बंद नहीं किया। इसकी वजह है कि लोग ममता बनर्जी के साथ खड़े हैं इसलिए भाजपा भी डरती है। हमारे पीछे सीबीआई और ईडी समेत सभी केंद्रीय एजेंसियां लगा दी गईं लेकिन आज तक हमें डरा नहीं पाई।
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक ने कहा, “भाजपा के कितने विधायक हैं यह भाजपा को खुद ही नहीं पता है। पार्टी का कोई कहता है कि 70 विधायक हैं कोई कहता है साथ है 60, कोई कहता है 69 है कोई 65 कह रहा है। सच्चाई यही है कि बंगाल के लोग भाजपा के साथ नहीं हैं।
——
भाजपा का पलटवार
– हालांकि अभिषेक बनर्जी के इस बयान पर भाजपा ने भी पलटवार किया है। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि तृणमूल कांग्रेस के दो सांसदों ने क्रॉस वोटिंग कर द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। वहीं तृणमूल का दावा है कि भाजपा के नौ विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है।