दर्दनाक सड़क हादसे में रानीगंज के प्रसिद्ध कराटे प्रशिक्षक मिहिर बाग की मौत

दीघा से परिवार संग लौटते समय बांकुड़ा के पास हुआ हादसा, रानीगंज में शोक की लहर

रानीगंज। रानीगंज के प्रसिद्ध कराटे प्रशिक्षक मिहिर बाग की रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस घटना की खबर फैलते ही रानीगंज समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। खेल जगत, उनके विद्यार्थियों तथा स्थानीय लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मिहिर बाग अपने परिवार के साथ दीघा से लौट रहे थे। बताया जाता है कि उनके कराटे प्रशिक्षण केंद्र के छात्र-छात्राएं समर कैंप के लिए दीघा गए हुए थे। सभी विद्यार्थी बस से वापस लौट रहे थे, जबकि मिहिर बाग अपनी पत्नी, बेटी और सास के साथ निजी कार से रानीगंज लौट रहे थे।इसी दौरान बांकुड़ा जिले के पास अचानक चालक को नींद आने से कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को कार से बाहर निकालकर बांकुड़ा सम्मिलनी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान मिहिर बाग ने दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी, बेटी और सास का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मिहिर बाग रानीगंज में क्योकुशीन कायकान कराटे प्रशिक्षण के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित नाम थे। उन्होंने वर्षों तक हजारों बच्चों और युवाओं को कराटे का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मरक्षा और अनुशासन का पाठ पढ़ाया। उनके कई शिष्य राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त कर चुके हैं। इतना ही नहीं, उनके प्रशिक्षित कई छात्र आज स्वयं कराटे प्रशिक्षण केंद्र संचालित कर आत्मनिर्भर बने हुए हैं।मिहिर बाग के निधन से खेल जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है। उनके विद्यार्थी, अभिभावक और स्थानीय लोग उन्हें एक अनुशासित, समर्पित और प्रेरणादायी प्रशिक्षक के रूप में याद कर रहे हैं। घटना के बाद रानीगंज क्षेत्र में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *