विश्व हिंदू परिषद की विशेष सभा में राष्ट्रवाद और सनातन संस्कृति पर जोर

विश्व हिंदू वार्ता के प्रचार-प्रसार को लेकर रानीगंज में हुई व्यापक चर्चा, विधायक पार्थो घोष ने कहा— समाज को ऐसे आयोजनों की है आवश्यकता

रानीगंज। रानीगंज के श्री श्री सीताराम जी भवन में विश्व हिंदू परिषद की ओर से एक विशेष सभा का आयोजन किया गया। सभा में संगठन के मुखपत्र “विश्व हिंदू वार्ता” के प्रचार-प्रसार, संगठन विस्तार, राष्ट्रवाद, अखंड भारत तथा सनातन संस्कृति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि “विश्व हिंदू वार्ता” केवल एक पत्रिका नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, धार्मिक चेतना और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को समाज तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। इसमें देशभर में आयोजित धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हिंदू समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से प्रकाशित किया जाता है। वक्ताओं ने लोगों से पत्रिका पढ़ने, इसके ग्राहक बनने तथा अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रचार-प्रसार प्रमुख जयंतो भौमिक ने कहा कि गुरुदेव अरविंद द्वारा प्रतिपादित अखंड भारत के विचार को साकार करना सभी राष्ट्रवादियों का दायित्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और कम्युनिस्ट सरकारों ने वर्षों तक तुष्टिकरण की राजनीति कर राष्ट्रवादी विचारधारा को कमजोर करने का प्रयास किया, लेकिन समय के साथ राष्ट्रवादी सोच और अधिक मजबूत होकर उभरी है। उन्होंने कहा कि समाज को सांस्कृतिक रूप से जागरूक एवं संगठित करने की दिशा में विश्व हिंदू परिषद लगातार कार्य कर रही है। वही सभा को संबोधित करते हुए रानीगंज के भाजपा विधायक पार्थो घोष ने विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में समाज को ऐसे आयोजनों की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को एकजुट कर सामाजिक एवं सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना समय की मांग है। विधायक पार्थो घोष ने कहा कि अब केवल योजनाएं बनाने का समय नहीं है, बल्कि पहले से बनी परियोजनाओं को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के कारण फंड की भारी कमी देखने को मिल रही है, लेकिन उन्हें विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में इस समस्या का समाधान अवश्य निकलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आने वाले समय में पश्चिम बंगाल की जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचेगा। उन्होंने आम लोगों से सरकारी योजनाओं के आवेदन पत्र सावधानीपूर्वक भरने की अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी त्रुटियों के कारण कई लोग योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। इसलिए सभी को जागरूक होकर सही तरीके से आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।रामनवमी के अवसर पर रानीगंज के ऐतिहासिक अखाड़े को लेकर विधायक पार्थो घोष ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि इस वर्ष भी रानीगंज में पहले की तरह भव्य अखाड़ा निकलेगा और वह स्वयं अग्रिम पंक्ति में रहकर इसकी अगुवाई करेंगे। सभा में जिलाध्यक्ष मनीष कुमार शर्मा ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग तक संगठन की विचारधारा एवं गतिविधियों को पहुंचाना आवश्यक है, ताकि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को और मजबूत किया जा सके। इस कार्यक्रम में तेज प्रताप सिंह, तुषार बनर्जी, शैकत बिस्वास, राजीव बरुई, बलाई मंडल, शांतनु मुखर्जी, रानीगंज प्रखंड अध्यक्ष रामजी साव, सचिव बिस्वाजीत गोराई, दुर्गा वाहिनी की अर्चिता साव सहित विश्व हिंदू परिषद के कई सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *