
कोलकाता, 23 मई। विगत 25 वर्षों से निशुल्क एक्यूप्रेशर चिकित्सा सेवा कार्य में जुटे भँवरलाल मल्लावत सेवा केन्द्र द्वारा सुजोक, एक्यूप्रेशर प्रशिक्षण शिविर का शुभारम्भ आज संस्था कार्यालय 42, काली कृष्ण टैगोर स्ट्रीट (मालापाड़ा मोड़) में किया गया। पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान कुशल चिकित्सकों द्वारा शिक्षार्थियों को सुजोक एवं एक्यूप्रेशर विधि के माध्यम से विभिन्न रोगों का निदान कैसे किया जाए इसका प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही रोगियों के साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए ये भी सिखाया जाएगा।
संस्था के अध्यक्ष राम गोपाल सूंघा ने स्वागत भाषण देते हुए भंवर लाल जी मल्लावत के प्रेरणादायी व्यक्तित्व को नमन किया। उन्होने कहा कि भंवर जी हम जैसे हज़ारों कार्यकर्ताओं के निर्माता थे। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भाग संघचालक श्री ब्रह्मानंद बंग, सह संघचालक श्री महावीर बजाज, डॉ• विजय हरभजनका, डॉ• सुरेश गुप्ता आदि ने अपने विचार रखे। संयोजक अरुण प्रकाश मल्लावत ने कुशल संचालन किया तथा धन्यवाद ज्ञापन दिया डॉ• प्रदीप अग्रवाल ने। इस अवसर पर सर्वश्री संजय रस्तोगी, गोविन्द जैथलिया, डॉ• सुनीता राठी, लिपिका जैन, गीता सिन्हा, रश्मी काजरिया, दीपक कछुआ, राजू जोशी, लक्ष्य अखरामका प्रभृति गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शिक्षार्थियों में सीमा सावनसुखा, रुचिका करनानी, अनीता अग्रवाल एवं सीमा जयसवाल उपस्थित रही। ब्रह्मानंद बंग द्वारा सभी शिक्षार्थियों को किट प्रदान किया गया।
ध्यातव्य हो कि संघ के आनुषंगिक संगठन सेवा भारती के अन्तर्गत चलने वाले इस केंद्र में योग्य चिकित्सकों द्वारा रोगियों की निःशुल्क सेवा का कार्य विगत पच्चीस वर्षों से अनवरत किया जा रहा है। सेवा के पर्याय कर्मयोगी भंवर लाल मल्लावत के अल्पायु में स्वर्गवास के उपरांत उनकी पावन स्मृति में ईस्वी सन 2000 में अक्षय तृतीया को संस्था प्रारम्भ हुई। संस्था द्वारा संचालित सेवा केन्द्र में सू-जोक, क्युप्रेशर एवं एक्यूपंक्चर पद्धति द्वारा रोगियों का निःशुल्क इलाज लगातार किया जा रहा है।
