
जामुड़िया। सीबीएसई उच्च माध्यमिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जामुड़िया बाजार निवासी एवं डीएवी मॉडल स्कूल, दुर्गापुर के छात्र रणबीर खैतान ने 96 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपने परिवार, विद्यालय और पूरे जामुड़िया क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। रणबीर की इस शानदार सफलता से इलाके में खुशी का माहौल है तथा स्थानीय लोगों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं बधाइयाँ दी हैं। रणबीर खैतान ने अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अच्छे परिणाम की उम्मीद तो थी, लेकिन 96 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त होंगे, इसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने कहा कि इस सफलता के पीछे उनके शिक्षकों का विशेष योगदान रहा है। शिक्षकों ने हमेशा उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन दिया और पढ़ाई पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया। रणबीर ने अपने माता-पिता के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा, सहयोग और विश्वास के कारण ही वह यह मुकाम हासिल कर सके हैं।रणबीर ने बताया कि उनका सपना भविष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनने का है और वह आगे भी पूरी मेहनत और लगन के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम और अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। वहीं रणबीर के पिता जयप्रकाश खैतान ने अपने बेटे की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि रणबीर ने पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ पढ़ाई की थी, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है। उन्होंने कहा कि बेटे की इस उपलब्धि से पूरा परिवार बेहद खुश है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि रणबीर भविष्य में और भी ऊँचाइयों को छुए तथा अपने परिवार और जामुड़िया का नाम देशभर में रोशन करे। स्थानीय लोगों एवं शुभचिंतकों ने भी रणबीर खैतान की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
