
बराकर। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के एरिया-12 स्थित बेगूनिया महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष जनता मजदूर संघ (बच्चा सिंह गुट) की ओर से 16 सूत्री मांगों को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने बीसीसीएल प्रबंधन की कथित मजदूर विरोधी नीतियों एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना कार्यक्रम में जनता मजदूर संघ के महामंत्री अभिषेक सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ताओं एवं मजदूरों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए अभिषेक सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों की लापरवाही और आउटसोर्सिंग कंपनियों के साथ मिलीभगत के कारण एरिया-12 का उत्पादन पूरी तरह प्रभावित हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौखिक समझौते के जरिए कंपनी में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं हो रही हैं।
उन्होंने सिक्योरिटी मनी के नाम पर करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले में कई उच्च अधिकारियों की भूमिका जांच के दायरे में है तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तय है। उन्होंने कहा कि जनता मजदूर संघ की शिकायतों पर पूर्व में भी कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।
अभिषेक सिंह ने रियायती जमीन खरीद में भी भारी अनियमितता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वास्तविक जमीन मालिकों को दरकिनार कर तीसरे पक्ष के माध्यम से खरीद प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जो बड़े घोटाले की ओर इशारा करता है।
वहीं जनता मजदूर संघ के क्षेत्रीय महासचिव सुभाष सिंह ने कहा कि जब बीसीसीएल स्वयं कोलियरियों का संचालन करता था, तब हजारों श्रमिकों को रोजगार मिलता था और उत्पादन लक्ष्य भी पूरे होते थे। वर्तमान में आउटसोर्सिंग के नाम पर केवल लूट और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मजदूरों के क्वार्टर जर्जर अवस्था में हैं, प्रमोशन एवं इंक्रीमेंट रुके हुए हैं तथा श्रमिकों की मूलभूत समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।
धरना-प्रदर्शन में जनता मजदूर संघ के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे।
