
आसनसोल। आसनसोल उत्तर विधानसभा के नव-निर्वाचित विधायक एवं आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व सीनियर वाइस प्रेसिडेंट कृष्णेन्दु मुखर्जी से बुधवार को चेंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों ने सचिव शंभूनाथ झा के नेतृत्व में गर्मजोशी भरी मुलाकात की।
बैठक के दौरान चेंबर सचिव शंभूनाथ झा ने क्षेत्र के व्यापार, उद्योग, रोजगार और व्यावसायिक समस्याओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को विधायक के समक्ष रखा। इस अवसर पर विधायक कृष्णेन्दु मुखर्जी ने व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने एवं उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि आसनसोल उत्तर क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को मजबूत करने, नए उद्योगों को बढ़ावा देने तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी।
बैठक में उपस्थित व्यापारिक प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि चेंबर ऑफ कॉमर्स में लंबे अनुभव और उद्योग जगत से गहरे जुड़ाव के कारण विधायक कृष्णेन्दु मुखर्जी के नेतृत्व में आसनसोल उत्तर के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर चेंबर के मुकेश तोदी, निरंजन अग्रवाल, राजू हलवाई सहित दर्जनों सदस्य उपस्थित रहे।
