बीबी कॉलेज में छात्रों के बीच हिंसक झड़प, तनाव के बाद पुलिस पहुंची परिसर

‘पूर्व टीएमसी समर्थक माहौल बिगाड़ रहे’ — छात्र ओमप्रकाश मिश्रा का आरोप

आसनसोल : पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद राजनीतिक माहौल का असर अब शैक्षणिक संस्थानों में भी देखने को मिल रहा है। आसनसोल के बीबी कॉलेज में बीजेपी समर्थित छात्रों के दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर जमकर विवाद और मारपीट की घटना सामने आई है। घटना के बाद कॉलेज परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि कॉलेज के छात्रों के बीच लंबे समय से राजनीतिक मतभेद चल रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई, जो बाद में हाथापाई और मारपीट में बदल गई। कॉलेज परिसर में अचानक हुए हंगामे से अन्य छात्रों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दोनों पक्षों के छात्रों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इस घटना को लेकर कॉलेज के छात्र ओमप्रकाश मिश्रा ने आरोप लगाया कि जो लोग पहले तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए थे, वही अब खुद को भाजपा समर्थक बताकर कॉलेज का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से कॉलेज का शैक्षणिक परिवेश प्रभावित हो रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कॉलेज परिसर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *