ईसीएल केंदा एरिया के छोरा क्षेत्रीय अस्पताल में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस

जामुड़िया। ईसीएल केंदा एरिया अंतर्गत छोरा क्षेत्रीय अस्पताल परिसर में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। विश्व की पहली महिला नर्स फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लेकर नर्सों की सेवा भावना और समर्पण को सम्मान दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ छोरा क्षेत्रीय अस्पताल की एरिया मेडिकल ऑफिसर डॉ. नंदिनी रायचौधारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित डॉक्टरों, नर्सों तथा अन्य कर्मचारियों ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान पूरे अस्पताल परिसर में सम्मान और सेवा भावना का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर डॉ. नंदिनी रायचौधारी ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में डॉक्टरों के साथ-साथ नर्सों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि नर्सों का कार्य बेहद संवेदनशील, चुनौतीपूर्ण और जिम्मेदारी से भरा होता है। उन्होंने बताया कि छोरा क्षेत्रीय अस्पताल में ईसीएल केंदा एरिया के विभिन्न कोलियरी क्षेत्रों से श्रमिक एवं उनके परिजन इलाज के लिए आते हैं। ऐसे में केवल डॉक्टरों के सहारे अस्पताल का संचालन संभव नहीं है, बल्कि नर्सिंग स्टाफ की मेहनत और समर्पण के कारण ही अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था सुचारु रूप से चल पाती है। वहीं अस्पताल की हेड नर्स सीखा चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में कहा कि नर्स दिवस के अवसर पर वह सभी नर्स सहकर्मियों से यही अपील करना चाहती हैं कि वे मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करें और उन्हें अपने परिवार के सदस्य की तरह सेवा एवं देखभाल प्रदान करें। उन्होंने कहा कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार ही नर्सिंग पेशे की सबसे बड़ी पहचान है।नर्स सूचंद्रिमा विश्वास मुखर्जी ने कहा कि नर्स का कार्य कठिनाइयों से भरा होता है, लेकिन किसी मरीज की सेवा कर उसे स्वस्थ होते देखना सबसे बड़ा संतोष देता है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। वर्तमान समय में नर्सों की जिम्मेदारियां पहले की तुलना में और अधिक बढ़ गई हैं, जिसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर शंकर कुमार, डॉक्टर जितेंद्र कुमार मीणा, सीनियर नर्स नयना आचार्य सहित ड्रेसिंग विभाग के जगतपति पाल, अरूप घोष, अक्षय मंडल, अर्जेंदु मंडल एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे। समारोह के अंत में सभी ने नर्सों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *