जामुड़िया के कुनुस्तोड़िया मोड़ में भाजपा के नए पार्टी कार्यालय का उद्घाटन, कार्यकर्ताओं में उत्साह

विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने फीता काटकर किया उद्घाटन, मिठाई और लड्डू बांटकर मनाई जीत की खुशी

जामुड़िया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक सफलता के बाद पूरे राज्य में उत्सव का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के तपसी अंचल अंतर्गत कुनुस्तोड़िया मोड़ में भाजपा के नए पार्टी कार्यालय का उद्घाटन बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने फीता काटकर नए कार्यालय का शुभ उद्घाटन किया। कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। पार्टी के झंडे, नारों और उत्साह के बीच पूरा क्षेत्र भगवामय रंग में रंगा नजर आया। भाजपा की चुनावी सफलता की खुशी में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। वहीं स्थानीय लोगों के बीच झालमुड़ी और लड्डू का वितरण भी किया गया, जिससे पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।इस अवसर पर विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि कुनुस्तोड़िया मोड़ स्थित भाजपा का यह नया पार्टी कार्यालय केवल एक राजनीतिक कार्यालय नहीं होगा, बल्कि यह आम लोगों की समस्याओं के समाधान और जनसंपर्क का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भाजपा पर जो विश्वास जताया है, पार्टी उस भरोसे को कायम रखने के लिए सदैव जनता के बीच रहकर विकास और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठित होकर जनता के बीच कार्य करने और क्षेत्र के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। अपने संबोधन में उन्होंने विकास, शांति और आम लोगों के हितों की रक्षा के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को भी दोहराया। इस कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष पिनाकी राय, शिवराम मंडल, राजू मंडल, सुनील नोनिया, राजेश कोड़ा, राकेश गिरी, पंकज सिंह, टुमप्पा मंडल, राजन माझी, अजीत राम, अरुण प्रसाद, पियो बाउरी, सीमा सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे। इस पूरे कार्यक्रम के दौरान कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में उत्साह और जश्न का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *