
कोलकाता, 11 मई । पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि राजनीतिक हिंसा में मारे गए भाजपा के 321 कार्यकर्ताओं के परिवारों की जिम्मेदारी राज्य सरकार उठाएगी।
सोमवार को नवान्न में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक हुई। बैठक में नवनियुक्त पांच मंत्री और कुछ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के 321 कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों का बलिदान दिया है। सरकार उनके प्रति गहरी श्रद्धांजलि अर्पित करती है और उनके परिवारों के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक हत्याओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहली कैबिनेट बैठक में सरकार की प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार दल-मत से ऊपर उठकर सभी लोगों के लिए काम करेगी।
उन्होंने चुनाव प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि लंबे समय बाद राज्य में भयमुक्त और निष्पक्ष चुनाव देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने चुनाव ड्यूटी में लगे मतदानकर्मियों, मतगणना कर्मियों, राज्य पुलिस, कोलकाता पुलिस और सभी राजनीतिक दलों व उम्मीदवारों को धन्यवाद दिया।
