पांडवेश्वर में मतदान प्रचार के दौरान बवाल: महिला से अभद्रता के आरोप पर तनाव, महिला के पति और भाजपा नेता गिरफ्तार

पांडवेश्वर। आगामी विधानसभा चुनाव के प्रचार के अंतिम चरण से पहले पांडवेश्वर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। डिवीसी मोड़ के समीप बंगालपाड़ा कॉलोनी में एक महिला के साथ कथित अभद्र व्यवहार को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस मामले में पुलिस ने शिकायतकर्ता महिला के पति और भारतीय जनता पार्टी के एक नेता को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला से भाजपा के पक्ष में मतदान करने का अनुरोध किया गया, जिस पर महिला ने तृणमूल कांग्रेस को वोट देने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। महिला का कहना है कि स्थिति को संभालने के लिए उनकी सास बीच-बचाव करने आईं, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई। विरोध करने पर महिला के पति को भी गंभीर रूप से पीटा गया, जिससे वे घायल हो गए। बाद में उन्हें आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला ने आरोप लगाया कि रात में पुलिस उनके पति को अस्पताल से हिरासत में लेकर गई और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। वहीं, इस घटना में कथित रूप से शामिल भाजपा नेता प्रह्लाद को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस घटना पर पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी एक महिला कार्यकर्ता के साथ अभद्रता और मारपीट की गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की जाएगी।दूसरी ओर, भाजपा की ओर से इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया गया है कि जब उनके कार्यकर्ता प्रचार के दौरान उक्त महिला के घर पहुंचे, तब परिवार के लोगों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। फिलहाल, घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *