पांडवेश्वर में तृणमूल का शक्ति प्रदर्शन, नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के समर्थन में भव्य रोड शो, श्राबंती चटर्जी हुई शामिल

पांडवेश्वर। विधानसभा चुनाव की तपिश के बीच पांडवेश्वर क्षेत्र में आज का दिन पूरी तरह राजनीतिक उत्साह और जनउमंग से भरा रहा। चिलचिलाती धूप के बावजूद तृणमूल कांग्रेस के समर्थन में उमड़े जनसैलाब ने यह स्पष्ट कर दिया कि चुनावी माहौल अपने चरम पर है। इस माहौल को और भी गरमाहट दी बांग्ला फ़िल्म की लोकप्रिय अभिनेत्री श्राबंती चटर्जी ने, जिन्होंने तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के समर्थन में विशाल रोड शो किया। यह भव्य रोड शो गाइघाटा मोड़ से शुरू होकर हरिपुर बाजार तक निकली गईं इस दौरान हजारों की संख्या में समर्थक सड़कों पर उमड़ पड़े। जगह-जगह फूलों की वर्षा, जयघोष और नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा।इस विशाल एवं भव्य रोड शो ने पूरे इलाके में चुनावी माहौल को चरम पर पहुंचा दिया है । रोड शो के दौरान खुली जीप में सवार होकर अभिनेत्री श्राबंती चट्टार्जी ने मुस्कुराते हुए जनता का अभिवादन किया और हाथ हिलाकर लोगों का उत्साह बढ़ाया। उनके साथ खड़े प्रत्याशी नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती भी लगातार लोगों से संवाद करते नजर आए। दोनों ने रास्ते में खड़े समर्थकों पर पुष्पवर्षा की, जिससे माहौल और भी उत्सवमय हो गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच ‘खेला होबे’ जैसे नारों की गूंज लगातार सुनाई देती रही। इस दौरान अभिनेत्री श्राबंती चट्टार्जी ने जनता का अभिवादन करते हुए कहा कि पांडवेश्वर की जनता में जो उत्साह और ऊर्जा दिखाई दे रही है, वह विकास की स्पष्ट झलक है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने हमेशा जनहित में कार्य किया है और आगे भी क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे भारी संख्या में मतदान कर तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती को विजयी बनाएं, ताकि पांडवेश्वर में विकास की गति और तेज हो सके। आगे उन्होंने कहा कि जनता का यह अपार समर्थन यह संकेत देता है कि लोग एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस पर भरोसा जताने के लिए तैयार हैं। कुल मिलाकर, इस भव्य रोड शो ने पांडवेश्वर में चुनावी माहौल को और अधिक गर्म कर दिया है और तृणमूल कांग्रेस के लिए बढ़ते जनसमर्थन का संकेत भी दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *