
दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से ठीक पाँच दिन पूर्व दुर्गापुर की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। दुर्गापुर पश्चिम क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विश्वनाथ परियल ने शनिवार को अपने समर्थकों के साथ भाजपा मे शामिल हो गए। उनके साथ उनकी पत्नी पूर्व पार्षद रूमा परियल ने भी भाजपा में शामिल होकर इस राजनीतिक परिवर्तन को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।यह दल-बदल दुर्गापुर की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है, विशेषकर ऐसे समय में जब चुनावी माहौल अपने चरम पर है। दुर्गापुर में आयोजित एक कार्यक्रम दौरान केंद्रीय गृह राज्यमंत्री सुकांत मजूमदार ने उन्हें पार्टी का झंडा थमाकर भाजपा में शामिल कराया. इस मौके पर पूर्व सांसद एसएस अहलूवालिया और दुर्गापुर पश्चिम से भाजपा उम्मीदवार लखन घोरुई भी मौजूद थे. विश्वनाथ परियाल का भाजपा में जाना औद्योगिक क्षेत्र में तृणमूल के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है. विश्वनाथ परियल का राजनीतिक जीवन लंबा और सक्रिय रहा है। वे तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अतिरिक्त, वे चार बार पार्षद निर्वाचित हुए तथा कांग्रेस के टिकट पर विधायक के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं। ऐसे में उनका भाजपा में शामिल होना राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस अवसर पर सुकांता मजूमदार ने दावा किया कि विश्वनाथ परियल एवं उनके समर्थकों के भाजपा में आने से पार्टी और अधिक सशक्त हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में तृणमूल कांग्रेस को और बड़े नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, इस घटनाक्रम को लेकर पश्चिम बर्धमान जिला तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है, किन्तु राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आंतरिक रूप से इसे एक महत्वपूर्ण क्षति के रूप में देखा जा रहा है। वही चुनावी परिदृश्य के बीच इस प्रकार के राजनीतिक बदलाव का मतदाताओं पर क्या प्रभाव पड़ेगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।
