
हरे राम सिंह के समर्थन में स्टार पावर का असर, सड़कों पर उमड़ी भीड़ ने बदला चुनावी माहौल
आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में जामुड़िया की सियासत ने शनिवार को नया रंग ले लिया, जब तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी हरे राम सिंह के समर्थन में अभिनेत्री एवं सांसद कोयल मलिक ने एक भव्य और ऊर्जा से भरपूर रोड शो किया।
मंडलपुर बटतला से शुरू हुआ यह हाई-वोल्टेज रोड शो पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बना रहा। खुले वाहन में सवार कोयल मलिक ने रास्ते भर हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया और मतदाताओं से तृणमूल के पक्ष में मतदान की अपील की। जैसे-जैसे काफिला आगे बढ़ता गया, सड़कों पर भीड़ का सैलाब उमड़ता चला गया।
कोयल मलिक की एक झलक पाने के लिए लोगों की भारी भीड़ सड़कों पर उमड़ पड़ी। जगह-जगह फूलों की वर्षा और जयकारों के बीच पूरा माहौल चुनावी उत्साह से सराबोर नजर आया। इस दौरान तृणमूल कार्यकर्ताओं का जोश चरम पर दिखा, जिसने रोड शो को एक विशाल जनशक्ति प्रदर्शन में बदल दिया।
जामुड़िया बस स्टैंड पर समापन के साथ ही यह रोड शो राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। चुनाव प्रचार के निर्णायक मोड़ पर आयोजित इस कार्यक्रम को तृणमूल कांग्रेस की मजबूत होती पकड़ और जीत की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
