
आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को भाजपा प्रत्याशी डॉ. अजय कुमार पोद्दार के समर्थन में एक भव्य और ऐतिहासिक बाइक रैली का आयोजन किया गया। रोड शो सोदपुर से डिसेरगढ़ तक निकली इस विशाल रैली ने पूरे इलाके में चुनावी माहौल को चरम पर पहुंचा दिया।
इस मेगा रोड शो में बॉलीवुड के महानायक मिथुन चक्रवर्ती की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम को अभूतपूर्व ऊर्जा और आकर्षण प्रदान किया। खुली गाड़ी में सवार मिथुन चक्रवर्ती का स्वागत करने के लिए हजारों की संख्या में समर्थक सड़कों पर उमड़ पड़े। जगह-जगह फूलों की वर्षा, जयघोष और नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा।
रैली के दौरान मिथुन चक्रवर्ती ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आरोपों पर करारा जवाब देते हुए कहा कि केंद्रीय बलों पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं और यह उनकी संभावित हार की घबराहट को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्रीय जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से कार्य करती हैं और किसी के दबाव में नहीं आतीं।
भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जोश और उत्साह से यह साफ संकेत मिला कि कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की स्थिति मजबूत होती जा रही है। चुनाव से ठीक पहले इस शक्ति प्रदर्शन ने राजनीतिक समीकरणों को नई दिशा दे दी है और मुकाबले को और भी रोचक बना दिया है।
