
रानीगंज। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पश्चिम बर्धमान जिले के रानीगंज विधानसभा अंतर्गत अंडाल के खांदरा में आयोजित एक विशाल जनसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को निशाने पर लेते हुए राज्य सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली की कड़ी आलोचना की। जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल में “तोलाबाजी और परिवारवाद की राजनीति” का अंत निश्चित है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केवल परिवार विशेष को स्थापित करने में लगी हुई है, जबकि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है। शाह ने अपने भाषण में नियुक्ति घोटाले, कोयला और बालू तस्करी जैसे मुद्दों को उठाते हुए तृणमूल सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में “सिंडिकेट राज” चरम पर है और माफिया तंत्र को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान शासन व्यवस्था में भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे आम जनता प्रभावित हो रही है। औद्योगिक क्षेत्र की दुर्दशा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय समृद्ध रहे इस क्षेत्र की स्थिति आज चिंताजनक हो गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि भाजपा सत्ता में आती है, तो क्षेत्र में वास्तविक औद्योगिकीकरण को बढ़ावा दिया जाएगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। सीमा सुरक्षा और घुसपैठ के मुद्दे पर भी अमित शाह ने राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य में शासन परिवर्तन के साथ ही अवैध घुसपैठ पर प्रभावी रोक लगेगी। साथ ही उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक व्यवस्था को लेकर भी सरकार की आलोचना की,सभा के दौरान उन्होंने जिले की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि राज्य में सुशासन और विकास के लिए परिवर्तन आवश्यक है। इस जनसभा में उमड़ी विशाल भीड़ यह बात का संकेत दिया कि चुनावी परिदृश्य में सभी राजनीतिक दल अपनी स्थिति सुदृढ़ करने हेतु पूर्ण सक्रियता के साथ मैदान में उतर चुके
