हावड़ा के बाली में तृणमूल उम्मीदवार पर आचार संहिता उल्लंघन का भाजपा ने लगाया आरोप

कोलकाता, 13 अप्रैल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले हावड़ा जिले के बाली विधानसभा क्षेत्र में एक धार्मिक आयोजन को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है, जिसके बाद चुनाव आयोग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

भाजपा का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के बाली से उम्मीदवार कैलाश मिश्रा ने मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से ‘नाम-संकीर्तन (अष्टयाम)’ का आयोजन किया। पार्टी का कहना है कि इस धार्मिक कार्यक्रम में उम्मीदवार का नाम प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया, जो आचार संहिता के नियमों का उल्लंघन है।

शिकायत मिलने के बाद चुनाव आयोग के अधिकारी केंद्रीय बलों के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। अधिकारियों ने आयोजन के लिए प्रशासनिक अनुमति से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की और आयोजकों से आवश्यक अनुमति पत्र प्रस्तुत करने को कहा।

भाजपा उम्मीदवार संजय सिंह ने आरोप लगाया कि उनके प्रतिद्वंद्वी ने तृणमूल कार्यालय के सामने धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर चुनाव आयोग के नियमों की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि मंच पर लगे बैनर में भी उम्मीदवार का नाम स्पष्ट रूप से दर्शाया गया है।

चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, किसी भी प्रत्याशी को धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होता है। बिना अनुमति ऐसे आयोजन करना आचार संहिता का उल्लंघन माना जाता है।

वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया है। पार्टी के एक नेता के अनुसार, उम्मीदवार कैलाश मिश्रा ने आयोग के अधिकारियों से बातचीत की और अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि अनुमति नहीं पाई जाती है, तो कार्यक्रम को रोकना होगा।

कैलाश मिश्रा ने भाजपा पर लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक लाभ के लिए चुनाव आयोग और प्रशासन का इस्तेमाल कर रही है और आम जनता इस धार्मिक आयोजन में स्वेच्छा से शामिल हो रही है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल यह कार्यक्रम जारी है और चुनाव आयोग की ओर से अंतिम निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि हावड़ा जिले की बाली विधानसभा सीट पर दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होना है। चुनाव नजदीक आने के साथ ही क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज होती जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *