ड्यूटी के दौरान एसीपी अनिर्बाण चक्रवर्ती की हार्ट अटैक से हुआ निधन

कोलकाता, 10 अप्रैल । पश्चिम बंगाल पुलिस के सहायक आयुक्त (एसीपी) अनिर्बाण चक्रवर्ती (57) का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह दिल्ली में ड्यूटी के दौरान अचानक हृदयाघात का शिकार हो गए।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात उन्हें गंभीर हालत में डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसी रात उनका निधन हो गया।
अनिर्बाण चक्रवर्ती पुलिस महकमे में काफी सम्मानित अधिकारी माने जाते थे। वह 1993 बैच के सब-इंस्पेक्टर के रूप में सेवा में शामिल हुए थे और वर्तमान में बैरकपुर थर्ड बटालियन में सहायक आयुक्त के पद पर तैनात थे।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद राज्य पुलिस अकादमी में कई वर्षों तक कानून के प्रशिक्षक के रूप में भी काम किया। पुलिस विभाग के कई अधिकारी विभिन्न कानूनी मामलों में उनसे सलाह लेते थे।
सूत्रों के मुताबिक, वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और हृदय संबंधी इलाज के लिए 15 दिन की छुट्टी भी मांगी थी। इसके बावजूद उन्हें विशेष ड्यूटी के लिए दिल्ली भेजा गया था, जहां वह बंग भवन में तैनात थे।
उनके निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर है और सहकर्मियों ने इसे एक बड़ी क्षति बताया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *