
मैथन एलॉयज लिमिटेड के सहयोग से भारत का नाम रोशन
उलानबटोर (मंगोलिया): एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय महिला मुक्केबाज मीनाक्षी हुड्डा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा शान से लहराया।
पश्चिम बंगाल के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं मैथन एलॉयज लिमिटेड के सीएमडी सुभाष अग्रवाला ने मीनाक्षी की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मीनाक्षी ने अपने समर्पण, अनुशासन और मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
मीनाक्षी हुड्डा ने अपनी सफलता का श्रेय सुभाष अग्रवाला को देते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के बिना यह संभव नहीं था। उन्होंने बताया कि सुभाष अग्रवाला द्वारा उनके प्रशिक्षण, डाइट, उपकरण और अन्य आवश्यकताओं का पूरा ध्यान रखा गया, जिससे उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिली।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में मीनाक्षी ने थाईलैंड की खिलाड़ी को 4-1 से पराजित किया, जबकि फाइनल में उन्होंने मेजबान मंगोलिया की बॉक्सर को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
मीनाक्षी के कोच विजय हुड्डा ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी और सुभाष अग्रवाला का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सहयोग ही प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है।
