रानीगंज में दर्दनाक सड़क हादसा: ‘कचौड़ी वाले’ शंभू राउत की मौत, तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गई जान

रानीगंज । रानीगंज के राष्ट्रीय राजमार्ग-60 के गिरजापाड़ा इलाके में रविवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय शंभू राउत के रूप में हुई है, जो कॉलेजपाड़ा के निवासी थे और तिलक रोड क्षेत्र में ‘कचौड़ी वाले’ के नाम से काफी प्रसिद्ध थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम शंभू राउत गिरजापाड़ा स्थित मुख्य सड़क पार कर रहे थे। उसी दौरान रानीगंज से मेजिया की ओर जा रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े। घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शंभू राउत तथा बाइक सवार युवक को स्थानीय एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शंभू राउत को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, घायल बाइक सवार की पहचान 24 वर्षीय अनीश मुखर्जी के रूप में हुई है। वह मंगलपुर इलाके के एक निजी कारखाने में कार्यरत है और ड्यूटी समाप्त कर घर लौटते समय इस दुर्घटना का शिकार हो गया। वर्तमान में उसका इलाज रानीगंज के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। शंभू राउत अपने मिलनसार स्वभाव और कचौड़ी व्यवसाय के कारण क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। उनके असामयिक निधन से स्थानीय लोगों में गहरा दुख और शोक व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *