जामुड़िया में तृणमूल कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान तेज: चुरुलिया में हरेराम सिंह ने किया डोर-टू-डोर प्रचार

जामुड़िया। पश्चिम बर्धमान जिले के जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में आगामी 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार श्री हरेराम सिंह ने चुरुलिया क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान हरेराम सिंह ने डोर-टू-डोर जाकर आम लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने स्थानीय निवासियों से संवाद करते हुए क्षेत्र के विकास, जनसुविधाओं और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।जनसंपर्क अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उनके साथ मौजूद रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। हरेराम सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आगामी 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिन्ह ‘जोड़ा फूल’ पर वोट देकर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि क्षेत्र में विकास की गति को और तेज किया जा सके। उन्होंने खुद को “काम का आदमी और जनता के करीब रहने वाला उम्मीदवार” बताते हुए भरोसा दिलाया कि वे क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।


जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों का सकारात्मक रुझान देखने को मिला और कई जगहों पर स्थानीय निवासियों ने उनका भव्य स्वागत भी किया। इस अभियान के माध्यम से तृणमूल कांग्रेस ने जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश तेज कर दी है। चुनाव नजदीक आते ही सभी राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी रणनीति के तहत प्रचार अभियान को धार देना शुरू कर दिया है, जिससे पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल पूरी तरह सक्रिय हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *