
रानीगंज। रानीगंज के कुमार बाजार इलाके में स्थित एचपी के मंडल गैस एजेंसी के गोदाम के सामने एक बार फिर उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज बड़ी संख्या में लोगों ने गोदाम के सामने पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वे पहले भी कई बार रानीगंज स्टेशन के पास स्थित एजेंसी कार्यालय जा चुके हैं। उन्होंने गैस बुकिंग के लिए निर्धारित राशि जमा कर दी है और उनके मोबाइल फोन पर बुकिंग की पुष्टि का संदेश भी आ चुका है, इसके बावजूद उन्हें अब तक गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि जब वे कुमार बाजार स्थित गोदाम पहुंचे, तो वहां बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर मौजूद थे, लेकिन एजेंसी की ओर से वितरण नहीं किया जा रहा था। इससे आक्रोशित लोगों ने एजेंसी पर गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने का गंभीर आरोप लगाया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में करते हुए प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। इस दौरान कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर नहीं मिलने के कारण उन्हें रोजमर्रा के कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जिन उपभोक्ताओं ने बुकिंग करा ली है, उन्हें जल्द से जल्द गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
