दुर्गापुर में कांग्रेस प्रत्याशियों का अनोखा विरोध, साइकिल से पहुंचकर किया नामांकन दाखिल

दुर्गापुर। दुर्गापुर में बढ़ती ईंधन कीमतों के विरोध में कांग्रेस के तीन प्रत्याशियों ने अनोखे अंदाज में अपना नामांकन दाखिल कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ संदेश देने के उद्देश्य से तीनों उम्मीदवार साइकिल पर सवार होकर नामांकन करने पहुंचे। पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी उत्तम कुमार राय, दुर्गापुर पूर्व से प्रत्याशी देवेश चक्रवर्ती और रानीगंज से प्रत्याशी फैयाज अहमद ने संयुक्त रूप से दुर्गापुर के सिटी सेंटर क्षेत्र से साइकिल यात्रा की शुरुआत की। तीनों प्रत्याशी साइकिल चलाते हुए दुर्गापुर महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उनके समर्थक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रत्याशियों ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बेतहाशा बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के जीवन पर गहरा असर डाला है। ईंधन की महंगाई के कारण रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता आर्थिक दबाव में आ गई है। उन्होंने बताया कि यह साइकिल यात्रा एक प्रतीकात्मक विरोध है, जिसके माध्यम से वे जनता और सरकार का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित करना चाहते हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को उजागर करना और महंगाई के खिलाफ आवाज उठाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *