
सिलीगुड़ी, 4 अप्रैल । भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने शनिवार को बागडोगरा एयरपोर्ट उतरते ही तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर जोरदार हमला बोला। इस्लामपुर रवाना होने से पहले उन्होंने कहा, “टीएमसी का मतलब टेरर, मर्डर और क्राइम है।”
ठाकुर ने पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार, शोषण और माफियागिरी चरम पर होने का आरोप लगाया। ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि पिछले 15 वर्षों में राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ा है, महिलाओं पर अत्याचार हुए हैं और युवाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
मालदा की हालिया घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे “बड़ा षड्यंत्र” बताया। अधिकारियों को रोके जाने की घटना का हवाला देकर राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। भ्रष्टाचार के मोर्चे पर उन्होंने कहा कि राज्य में हजारों करोड़ के घोटाले हुए हैं और मंत्रियों के घरों से भारी नकदी बरामद हुई है।
ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर जांच एजेंसियों के काम में बाधा डालने और चुनाव आयोग के अधिकारियों को डराने का आरोप लगाया। चुनावी रणनीति पर सवाल उठाते हुए पूछा, “74 विधायकों को टिकट क्यों नहीं दिया गया? 15 उम्मीदवारों की सीटें क्यों बदली गईं?” उनके अनुसार, यह सत्तारूढ़ दल की हार का संकेत है।
मतदाता सूची से नाम हटाने के मुद्दे पर अवैध घुसपैठ का आरोप लगाते हुए उन्होंने सवाल किया, “क्या बांग्लादेशी नागरिकों को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए?” उन्होंने शांतिपूर्ण चुनाव और उसके बाद शांति बनाए रखने की अपील की।
