
कोलकाता, 02 अप्रैल । पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने गुरुवार को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए अधिसूचना जारी कर दी। इस चरण में राज्य की 142 विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है।
निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आगामी नौ अप्रैल काे नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि तय की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 10 अप्रैल को की जाएगी, जबकि 13 अप्रैल तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। इन सीटों पर मतदान 29 अप्रैल को हाेगा और पूरी चुनाव प्रक्रिया छह मई तक पूरी कर ली जाएगी।
अधिसूचना जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता पहले की तरह प्रभावी है और सभी उम्मीदवारों तथा राजनीतिक पार्टियों के लिए इसका सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि सभी 294 विधानसभा सीटों पर स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अधिसूचना में चुनाव अवधि के दौरान एग्जिट पोल के संचालन, प्रकाशन और प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध की भी पुनः पुष्टि की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचित अवधि के दौरान किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
