
कोलकाता, 2 अप्रैल 2026 । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तहत भवानीपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले हाजरा मोड़ से रोड शो निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक शामिल हुए।
रोड शो के दौरान कालीघाट क्षेत्र में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के निकट भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) समर्थकों के बीच नारेबाजी हुई। टीएमसी के झंडे लिए कई कार्यकर्ता भाजपा रैली में घुस आए और समर्थकों पर हमला कर दिया। भाजपा का दावा है कि इसके चलते कई कार्यकर्ता घायल हुए, जिनमें से एक की आंख में चोट आई। सर्वे भवन के पास भी दोनों पक्षों के बीच तनाव देखा गया।
सुरक्षा में चूक के आरोप लगे हैं। गृह मंत्री अमित शाह की रैली के बावजूद पुख्ता इंतजाम न होने का भाजपा ने पश्चिम बंगाल पुलिस पर इल्जाम लगाया। सुरक्षा कारणों से अमित शाह को एक स्थान पर वाहन बदलना पड़ा, जबकि रोड शो पूर्व निर्धारित मार्ग पर जारी रहा।

सर्वे भवन में सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने भवानीपुर में राजनीतिक बदलाव की जरूरत बताई। उन्होंने मतदाताओं से शुभेंदु अधिकारी को भारी मतों से जिताने की अपील की और कहा कि यह सीट राज्य में परिवर्तन का संदेश देगी। शाह ने ऐलान किया कि वे अगले 15 दिनों तक पश्चिम बंगाल में रहकर भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगे।
भवानीपुर सीट राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की वर्तमान विधानसभा सीट है। यहां का मुकाबला चर्चा का विषय बना हुआ है।
