रानीगंज में वाम समर्थित नारायण बावरी के समर्थन में विशाल जुलूस, नुक्कड़ सभा में उठे रोजगार और सुरक्षा के मुद्दे

रानीगंज। रानीगंज में वाम समर्थित उम्मीदवार नारायण बावरी के समर्थन में रविवार को एक विशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थकों ने भाग लिया। जुलूस के बाद एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया, जहां नेताओं ने जनसभा को संबोधित करते हुए रोजगार, सुरक्षा और शिक्षा जैसे ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
सभा को संबोधित करते हुए एसएफआई की नेत्री आईसी घोष ने राज्य की कानून-व्यवस्था और विशेष रूप से महिला सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जब ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद संभाला था, तब लोगों को उम्मीद थी कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, लेकिन वर्तमान हालात निराशाजनक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज जाने वाली छात्राओं में भय का माहौल है और वे खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। आईसी घोष ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में अराजकता और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। आम जनता को रोजगार के अवसर देने के बजाय केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि दोनों ही दल जनविरोधी नीतियों पर काम कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की नीतियां बड़े कॉर्पोरेट घरानों और साम्राज्यवादी शक्तियों के पक्ष में हैं, जबकि वामपंथ ही एकमात्र ऐसा विकल्प है जो मजदूरों, श्रमिकों और आम जनता के हितों के लिए संघर्ष करता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जनहित की राजनीति को मजबूत करने के लिए वाम समर्थित उम्मीदवार नारायण बावरी को समर्थन दें।इस दौरान सभा में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी वामपंथी विचारधारा को मजबूत करने और आगामी चुनाव में बदलाव लाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कुल मिलाकर, यह जुलूस और सभा रानीगंज की राजनीतिक सरगर्मियों को और तेज करने वाला साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *