
आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनज़र सुरक्षा एजेंसियों द्वारा चलाए जा रहे सघन तलाशी अभियान के तहत आसनसोल साउथ थाना पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। कालीपहाड़ी मोड़ पर की गई नाका चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार से भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा एवं भारतीय नकदी बरामद की गई है।
घटना शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे की है, जब कोलकाता की ओर से आ रही एक मैरून रंग की हुंदई कार (WB 12D/7000) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन चालक के पास से 4000 अमेरिकी डॉलर, 4000 दीनार तथा लगभग 1.50 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने तत्काल वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल साउथ थाना प्रभारी स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली। प्रारंभिक जांच में कई अहम सवाल सामने आए हैं—क्या यह राशि किसी विशेष व्यक्ति तक पहुंचाई जानी थी, क्या चालक झारखंड की ओर जा रहा था, अथवा इस विदेशी मुद्रा का उपयोग चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से किया जाना था। इन सभी पहलुओं पर गहन जांच जारी है।
पश्चिम बर्धमान जिले का झारखंड से सटा होना इसे चुनावी दृष्टि से संवेदनशील बनाता है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में सभी प्रवेश बिंदुओं पर कड़ी निगरानी और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में इस तरह की कार्रवाईयों में तेजी आई है। गुरुवार को भी चेकिंग के दौरान दो बसों से 12 किलो गांजा एवं कई मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। झारखंड और बिहार से आने वाले वाहनों की विशेष रूप से जांच की जा रही है।
चुनाव आयोग के अनुसार, 15 मार्च को चुनाव घोषणा के बाद से अब तक विभिन्न राज्यों में कुल 408.82 करोड़ रुपये की जब्ती की जा चुकी है, जिसमें नकदी, शराब, मादक पदार्थ एवं अन्य प्रलोभन सामग्री शामिल हैं।
