
आसनसोल, 27 मार्च । पश्चिम बर्दवान जिले में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज़ हो गई हैं। शुक्रवार को आसनसोल कल्याणपुर हाउसिंग स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी एस. पोन्नम्बलम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पूरे जिले में मतदान प्रक्रिया को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं।
डीएम ने कहा कि विधानसभा चुनाव की प्रमुख तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में कुल 2504 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर कम से कम चार मतदान कर्मी तैनात रहेंगे। 30 प्रतिशत रिजर्व के साथ करीब 14 हजार कर्मियों की नियुक्ति की गई है। मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक वाले केंद्रों के लिए 84 सहायक बूथों का प्रस्ताव भेजा गया है।

मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण शुरू हो चुका है, जिसका पहला चरण रविवार तक पूरा होगा। 27 मार्च को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (दुर्गापुर एनआईटी) तथा 28 मार्च को डीएवी पब्लिक स्कूल आसनसोल में पोलिंग पर्सनल को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
विशेष बूथों में 243 पिंक (महिला-संचालित) बूथ, नौ मॉडल बूथ (हर विधानसभा में एक) तथा दिव्यांग कर्मियों द्वारा संचालित एक विशेष बूथ शामिल हैं। डीएम ने भरोसा जताया कि प्रशासन चुनाव को सहज, सुरक्षित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने को पूरी तरह तैयार है।
